Header new

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद को मिलेंगी ये छह सौगातें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

नए वर्ष 2020 की शुभागमन हो चुका है। शहरवासियों को इस साल तोहफा के रूप में कई परियोजना मिलने वाली है। इससे स्मार्ट सिटी की चमक कुछ अलग ही दिखाई देगी। इस साल जहां स्मार्ट सिटी में सड़कों का जाल बिछ जाएगा, वहीं निर्माणाधीन पुल मेवला अंडरपास और हाईवे पर झाडसैंतली में पुल मिलने से कनेक्टिविटी को चार चांद लग जाएंगे। तीन नए बिजली घर का तोहफा मिलने से स्मार्ट सिटी का नजारा ही कुछ अलग दिखाई देगा। रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरा लगने से यात्रियों को सुरक्षा का एहसास होगा। तीन बिजलीघर बनकर होंगे तैयार : स्मार्ट सिटी में बिजली की कोई कमी नहीं रहेगी। नए साल में जहां तीन बिजली घर शुरू हो जाएंगे, वहीं नगर निगम की ओर से कूड़े से बिजली बनाने का संयंत्र तैयार कर लिया जाएगा। इससे जहां कूड़ा निस्तारण की समस्या से शहर को निजात मिलेगी, वहीं बिजली की कोई कमी नहीं रहेगी। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 में 220 व बदरौला में 66 केवी शुरू होने से नहर पार का इलाका जगमग हो जाएगा।
झाड़सेंतली व मेवला अंडरपास शुरू होगा : झाड़सेंतली अंडरपास की एक लेन का निर्माण पूरा हो चुका है। जबकि दूसरी लेन पर अभी काम चला हुआ है। इस वजह से यहां वाहनों की रफ्तार रुक जाती है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मैनेजर (तकनीकी) धीरज सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 में इस अंडरपास का काम पूरा हो जाएगा। 19 करोड़ की लागत से मेवला अंडरपास नए साल के पहले महीने में ही तैयार हो जाएगा। इससे कनेेक्टिविटी और भी बेहतर हो जाएगी।
100 नंबर पर फोन न मिलने की समस्या होगी खत्म : फरीदाबाद: प्रदेश में हाईटेक कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। वर्ष 2020 के अंदर यह कंट्रोल रूम शुरू हो जाएगा। इसके बाद 100 नंबर न मिलने की समस्या खत्म हो जाएगी। इस कंट्रोल रूम के शुरू होने से जिले में पुलिस पीसीआर की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है। वहीं जिला पुलिस में पुलिसकर्मियों की संख्या भी बढ़ सकती है।
90 सिटी बसों का संचालन होगा : स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नए साल में करीब 90 सिटी बसों का संचालन भी शुरू हो सकेगा। शहर के कोने-कोने में इन बसों का संचालन होगा। इसके लिए निविदाएं जारी की जा चुकी है। इस परियोजना के तहत सिटी बसों के लिए एक नया बस अड्डा भी बनेगा।
रेलवे स्टेशनों पर लगेंगे विशेष कैमरे : फरीदाबाद। शहर के तीन रेलवे स्टेशनों पर चेहरा पहचानने वाले सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। फरीदाबाद, न्यू टाउन और बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर 40-40 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। तीन से चार माह के अंदर ये कैमरे लगा दिए जाएंगे। इसके बाद तीनों रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता हो जाएगी।
यमुना पर मंझावली पुल : यमुना पर मंझावली पुल जून 2020 में बनकर तैयार होने की उम्मीद है। करीब 130 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पुल से नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएड़ा शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत हो जाएगी। यमुना पर करीब 600 मीटर लंबा पुल बनेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like
kartea