जेएनयू हिंसा: एम्स में भर्ती करवाए गए 34 घायलों को छुट्टी मिली
नयी दिल्ली। जेएनयू में हिंसा के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाए गए 34 लोगों को सोमवार को छुट्टी मिल गई। एम्स के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया, ‘‘जेएनयू में हिंसा के बाद 34 लोगों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया था। घायलों में से चार के सिर में चोट लगी थी। उन्हें सोमवार को छुट्टी दी गई।’’ जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में रविवार रात लाठियां और सरिया लिए हुए कुछ नकाबपोशों ने छात्रों और शिक्षकों पर हमला कर दिया था और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद वहां हिंसा भड़क गई थी।