Header new

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं, CAA पर जनता में फैलाया जा रहा भ्रम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए भाजपा ने अपने दिग्गज नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतार दिया है। गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पटपड़गंज विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी रवि नेगी के लिए चुनाव प्रचार किया। उन्होंने मयूर विहार फेज दो में जनसभा को संबोधित किया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्षी नेताओं के पास केंद्र सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है और कुछ नहीं है तो, खबरों में बने रहने की कोशिश हो रही है। केंद्र सरकार ने पिछले छह साल के दौरान कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी के गतिशील नेतृत्व के कारण भारत दुनिया में महाशक्ति के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है। अब अनुच्छेद 370 और 35 ए इतिहास बन गया है। भारत में अब एक संविधान और एक प्रतीक है। प्रधानमंत्री के रूप में केंद्र में मजबूत नेतृत्व के कारण यह संभव हुआ है।

विपक्ष कर रहा जनता को गुमराह

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं ताकि वे इसका फायदा उठा सकें। उन्होंने कहा कि सीएए किसी धर्म विशेष के खिलाफ नहीं है। सीएए पर ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण ही संभव हो पाया है। सीएए पर राजनीति करना अनुचित है क्योंकि भारत में रह रहे मुस्लिम समुदाय के लोग इस कानून से प्रभावित नहीं होंगे।

बता दें कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव 8 फरवरी को होंगे। मतगणना 11 फरवरी को होगी। सभी दल जनता के बीच जाकर अपने लिए वोट मांग रहे हैं। भाजपा शासित कुछ राज्यों के सीएम भी पार्टी उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस इलाके में जिस प्रदेश ज्यादा लोग हैं वहां के भाजपा नेता लोगों के बीच जाकर प्रचार कर रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like
kartea