Delhi News: अश्लील वीडियो बनाकर ठगे डॉलर, फ्लैट दिखाने के बहाने प्रॉपर्टी डीलर महिला इंजीनियर से किया दुष्कर्म

एक प्रॉपर्टी डीलर ने फ्लैट दिखाने के बहाने एक महिला से दुष्कर्म किया। आरोपित ने पीड़िता की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल कर उनसे डॉलर में राशि वसूल ली। इस संबंध में महरौली थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह परिवार के साथ महरौली थानाक्षेत्र छतरपुर में रहती है। वह एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं। पीड़िता ने बताया कि वह कुछ समय से एक फ्लैट खरीदने के लिए प्रॉपर्टी डीलर से संपर्क कर रही थी।
महिला को कई जगह दिखाए फ्लैट
इसी दौरान करीब डेढ़ साल पहले उनकी मुलाकात एक प्रॉपर्टी डीलर से हुई। उसने महिला को कई जगह पर फ्लैट दिखाए। महिला का आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर ने उसे फ्लैट दिखाने के बहाने अपने पास बुलाया और दुष्कर्म किया।
पति को वीडिया दिखाने की दी धमकी
इसी दौरान उसने एक अश्लील वीडियो भी बना ली। फिर आरोपी ने वीडियो महिला के पति को दिखाने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया। महिला का आरोप है कि आरोपित ने उसे ब्लैकमेल कर उसके घर में रखे लाखों रुपये के डॉलर ले लिए। जब महिला के पति किसी काम से विदेश जाने लगे तो उन्होंने पीड़िता से डालर मांगे, लेकिन वह सब आरोपित ले चुका था। तब पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
NEWS SOURCE : jagran
