अब गंदगी का फोटो करेंगे अपलोड तो तुरंत होगी कार्रवाई , ठेकेदार भरेगा जुर्माना हरियाणावासियों!

हरियाणा : हरियाणावासी ध्यान दें, अब गंदगी और अव्यवस्था की फोटो अपलोड करके बताएं, तुरंत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने विभाग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप स्वच्छ हरियाणा का शुभारंभ किया। इस ऐप की सहायता से  लोगों को स्वच्छता और वेबसाइट से प्रदेश की किसी भी नगरपालिका, परिषद तथा निगमों संबंधी जानकारी प्राप्त हो सकेगी। सरकार की ओर 2 अक्तूबर से शुरू किए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत 2 अक्तूबर को पंचकूला से मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ हरियाणा मोबाइल ऐप राज्य में सफाई व्यवस्था के प्रमाण पत्र के तौर पर सिद्ध होगी। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति निकाय क्षेत्र में गंदी नाली, अस्वच्छ सड़क या गंदगी के ढेर की फोटो लोड कर सकता है। विज ने कहा कि 2 से 17 अक्तूबर तक प्रदेश भर में स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। जिसके तहत सभी नगर निगम, नगर परिषद तथा नगर पालिकाओं द्वारा ‘स्वच्छ हरियाणा, स्वच्छ भारत, संपन्न भारत’ पर कार्य करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके मात्र 3 घंटे में विभाग की बैकअप टीमों द्वारा उस स्थान की सफाई होने की तस्वीर दोबारा ऐप पर लोड की जाएगी। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट खराब होने पर 24 घंटे में ठीक करना होगा अन्यथा इन मामलों में ठेकदार को 50 रुपए प्रति प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना देना होगा।

निकाय मंत्री ने कहा कि इस स्वच्छता पखवाड़े के दौरान राज्य में कूड़ा एकत्र करना, सडक़, सीवरों व नालों की सफाई तथा कचरे के निपटान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए जिला नगर आयुक्त, जिला स्तर पर नोडल अधिकारी रहेंगे तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, एचएसआईआईडीसी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व स्थानीय निकाय एकजुटता से इस अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि विभाग की वेबसाइट पर राज्य के सभी 88 निकायों की जानकारी उपलब्ध होगी।

 

You might also like