जानिए पूरा मामला, संपत्ति की लड़ाई में ‘शैतान’ बनी सास, झगड़े के बाद बहू पर डाला तेजाब

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक सास द्वारा अपनी ही बहू पर तेजाब डालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान 49 वर्षीय अंजलि के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, “न्यू उस्मानपुर इलाके में एक 22 वर्षीय विवाहिता पर उसकी सास अंजलि ने घर के अंदर तेजाब डाल दिया। पीड़िता को 25 फीसदी तेजाब से जलने के बाद पास के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया था।पीड़िता को वहां से लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका अभी भी एसिड से जलने का इलाज चल रहा है।”
घटना के बाद आरोपी अंजलि और परिवार के बाकी लोग फरार हो गए थे, अंजलि को शुक्रवार को दिल्ली के संत नगर बुराड़ी से गिरफ्तार किया गया। यहां उसने एक परिचित के घर में शरण ली थी। इस संबंध में न्यू उस्मानपुर थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 323, 326 ए, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच के दौरान, यह पता चला कि शिकायतकर्ता की शादी दो साल पहले हुई है और इस शादी से उसकी 6 महीने की बेटी है।
पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता ससुराल के घर में दूसरी मंजिल पर रहती है, जबकि अंजलि उसी घर के ग्राउंड फ्लोर पर रहती है। अंजलि ने कड़कड़डूमा कोर्ट में पीड़िता के खिलाफ बेदखली का मुकदमा दायर किया था। 20 सितंबर को दोनों पक्ष इस मामले में सुनवाई के लिए कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश हुए थे। अदालत से घर लौटने के बाद उसी दिन शाम को करीब 5:30 बजे अंजलि ने गुस्से में आकर अपनी बहू पर हमला कर दिया और उस पर तेजाब डाल दिया। डीसीपी ने कहा कि इस मामले में अभी आगे की जांच चल रही है। इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने गुरुवार को पुलिस को नोटिस जारी कर एफआईआर की कॉपी के साथ मामले पर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।
NEWS SOURCE : livehindustan