
पूर्वी दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां स्टंट के दौरान एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक पिस्टल के साथ वीडियो बनाते हुए स्टंट कर रहा था, इसी दौरान गोली चल गई और उसकी जान चली गई. मृतक की पहचान पवन कुमार (28) के रूप में हुई है, जो दल्लूपुरा गांव का रहने वाला था. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक खुद पिस्टल को संभालते हुए नजर आ रहा है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को न्यू अशोक नगर थाना पुलिस को धर्मशिला अस्पताल, वसुंधरा एन्क्लेव से गोली लगने के एक मामले की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पवन कुमार को बेहोशी की हालत में लाया गया था. उसकी छाती के बाईं ओर गोली लगी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
शुरुआती जांच में सामने आया कि पवन अपने चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्टल से स्टंट कर रहा था, जबकि हिमांशु उसका वीडियो बना रहा था. इसी दौरान पवन ने पिस्टल में मैगजीन डालकर उसे अपने सीने पर रखा और ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली सीधे उसके दिल में जा लगी. घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने मौके और अस्पताल पहुंचकर जांच की. पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस जब्त कर लिए हैं. साथ ही हिमांशु का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है, जिसमें घटना का वीडियो रिकॉर्ड है. वीडियो की शुरुआती जांच में साफ दिख रहा है कि पवन खुद हथियार को संभाल रहा था और उसी दौरान यह हादसा हुआ, जबकि उसका चचेरा भाई मौके पर मौजूद था और वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. शव को पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर संख्या 146/26 दर्ज कर ली है. मामले की आगे की जांच जारी है.
NEWS SOURCE Credit news18
