
फरीदाबाद: सड़क पर प्रतिदिन यातायात नियमों की धज्जियां उड़ती है। चौक-चाैराहों पर यातायात पुलिस भी तैनात रहती है लेकिन इसका अधिक असर दिखाई नहीं दे रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामलों में कमी नहीं आ पा रही है। सबसे अधिक दिक्कत गलत दिशा में चलने वालों की वजह से हो रही है। क्योंकि इस वजह से अन्य वाहन चालकों को खतरा रहता है। कई बार इस हरकत की वजह से लोगों की जान जा चुकी है लेकिन शायद गलत दिशा में चलने वाले जागरूक नहीं हो पा रहे हैं।
5500 तक का किया जा सकता है चालान
यातायात पुलिस भी ऐसे वाहन चालकों का चालान भी कर रही है। वैसे ऐसे नियम का उल्लंघन करने वालों का 500 रुपये का चालान किया जाता है लेकिन पुलिस जब यह देखती है कि वाहन चालक की वजह से किसी अन्य की जान जा सकती थी तो उसका 5500 रुपये का चालान भी किया जा सकता है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-आगरा हाईवे पर सबसे अधिक नियम टूट रहे हैं। यहीं पर गलत दिशा में चलने वाले भी अधिक होते हैं। इसका एक कारण लंबे यूट टर्न का होना भी है। वाहन चालक जल्दबाजी के चक्कर में यू टर्न से बचने के लिए गलत दिशा में चलते हैं।

यहां प्रत्येक चौराहों पर पुलिस मौजूद रहती है। इसके अलावा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाना आम बात हो गई है। बाइक या स्कूटी पर तीन या चार लोगों का बैठने सहित अन्य यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है।

यातायात थाना प्रभारी अनोज कुमार कहते हैं कि जागरूकता अभियान भी बहुत चलाए जा रहे हैं लेकिन वाहन चालक बाज नहीं आ रहे हैं।
NEWS SOURCE Credit :jagran
