
फरीदाबाद: बाटा रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पलवल से गाजियाबाद जाने वाली ट्रेन संख्या 64057 प्लेटफार्म बदलने की सूचना यात्रियों को नहीं दी गई। ट्रेन के पहले प्लेटफार्म नंबर-दो पर आने की जानकारी थी, लेकिन वह अचानक प्लेटफार्म नंबर चार पर आती दिखाई दी।
पटरियों पर कूदे यात्री
प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों ने जब उसे प्लेटफार्म नंबर चार पर आते देखा तो अधिकांश यात्री आनन-फानन में पटरियों पर कूदकर प्लेटफार्म नंबर चार की तरफ भागने लगे। हालांकि कई लोग फुटओवर ब्रिज से भी गए। रेलवे की ओर से की गई यह लापरवाही उस समय बड़े हादसे में तब्दील हो सकती थी, यदि उसी समय किसी अन्य ट्रैक पर ट्रेन आ जाती। यात्रियों ने बताया कि स्टेशन पर समय रहते सही अनाउंसमेंट नहीं किया गया, जिसके कारण भ्रम की स्थिति बनी और लोगों को जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी।
हो सकती थी बड़ी घटना
राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि शनिवार सुबह रेलवे की ओर से घटित यह लापरवाही बड़े हादसों में तब्दील हो सकती थी। ऐसे में रेलवे को समय पर और स्पष्ट अनाउंसमेंट सुनिश्चित करानी चाहिए। साथ ही प्लेटफार्म बदलाव की जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर भी तुरंत अपडेट होनी चाहिए। डीएसपी चेची ने बताया यात्रियों को भी अपनी जान की फिक्र करते हुए जल्दबाजी से बचना चाहिए।
NEWS SOURCE Credit :jagran
