नई दिल्ली : विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा विधायक रेल लाइन के किनारे रहने वाले झुग्गीवासियों के पुनर्वास, कोरोना महामारी, बिजली बिल, आयुष्मान भारत योजना सहित दिल्लीवासियों से जुड़े अन्य मुद्दे उठाएंगे। यह जानकारी दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर ¨सह बिधूड़ी ने प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने एक दिवसीय मानसून सत्र को बढ़ाकर पांच दिन करने की भी मांग की।

उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा विधायक उन तमाम मुद्दों को जोरशोर से उठाएंगे, जिन्हें लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी लगातार आंदोलन करती रही है। दिल्ली सरकार ने झुग्गीवासियों के साथ धोखा किया है। यहां 50 हजार से ज्यादा मकान बनकर तैयार हैं, लेकिन झुग्गीवासियों को आवंटित नहीं किए जा रहे हैं। इन मकानों में झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए तत्काल कदम उठाना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल सरकार कोरोना महामारी से निपटने में बुरी तरह विफल साबित हुई है। आयुष्मान भारत योजना को भी दिल्ली में लागू नहीं किया गया। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। विधानसभा में इस पर भी सरकार से सवाल पूछे जाएंगे। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं, पेयजल आपूर्ति में परेशानी व मनमाने बिल भेजे जाने की शिकायतें, बदहाल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली, जर्जर सड़कें, धन के अभाव में विकास कार्य के प्रभावित होने सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा आवश्यक है। एक दिन में ये सभी मुद्दे नहीं उठ सकते हैं, इसलिए विधानसभा सत्र को बढ़ाने की जरूरत है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व विधायक मोहन ¨सह बिष्ट, ओमप्रकाश शर्मा, अनिल वाजपेयी, अभय वर्मा तथा जितेंद्र महाजन उपस्थित थे।
