बल्लभगढ़ : गुरुग्राम नहर के किनारे पटेल नगर में बने हुए 40 अवैध निर्माण और झुग्गियों को सिचाई विभाग के दस्ते ने तोड़ दिया। किसी भी स्थिति से निबटने के लिए मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) जयवीर सिंह राठी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात था। तोड़फोड़ के दौरान सिचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता वीएस रावत ड्यूटी मजिस्ट्रेट थे। छह लेन के पुल का हो रहा निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुग्राम नहर के ऊपर छह लेन का पुल बनाने का काम चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सिचाई विभाग से पुल बनाने के लिए यहां पर जमीन का अधिग्रहण किया है। जिसका मुआवजा भी दे दिया है। पुल निर्माण में ये झुग्गी और अवैध निर्माण बाधा बने हुए थे। सिचाई विभाग ने पटेल नगर में नोटिस चस्पा करके सभी लोगों को बता दिया गया था कि 14 सितंबर तक स्वयं अपने निर्माण हटा लें। निर्माण नहीं हटाने पर अब विभाग ने यह कार्रवाई की है।

सिचाई विभाग का दस्ता पांच अर्थमूवर मशीनों के साथ मंगलवार सुबह 11 बजे मौके पर पहुंच गया और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर ज्यादा भीड़ नहीं जुटने दी। महिला थाना प्रभारी माया सिंह, थाना सेक्टर-7 प्रभारी दिनेश कुमार, थाना शहर प्रभारी सुदीप कुमार, अतिरिक्त थाना प्रभारी रणधीर सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। तोड़फोड़ की कार्रवाई शाम 3:30 बजे तक चली। ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सिचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता वीएस रावत ने कहा कि पटेल नगर की 40 झुग्गियों और निर्माणों को तोड़ने के बाद राजमार्ग और रेलवे लाइन के बीच बने अवैध कब्जों को भी हटा दिया गया है।
