फरीदाबाद : जिला बार एसोसिएशन के पांच पदों के लिए बुधवार को 47 वकीलों ने नामांकन किया। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की तरफ से चुनाव के लिए वकील निर्दोष गुर्जर और रविदर सिंह को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। निर्दाेष गुर्जर ने बताया कि वकीलों ने प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, संयुक्त सचिव और खजांची पद के लिए नामांकन किया।

17 सितंबर को नामांकन पत्रों की छंटाई की जाएगी। इसी दिन दोपहर 12 से 2 बजे का समय नामांकन वापसी के लिए निर्धारित किया गया है। एक अक्टूबर को एसोसिएशन का ऑनलाइन चुनाव होगा। इसके तहत सदस्य वकीलों के मोबाइल पर पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल की तरफ से लिक भेजा जाएगा। इसके माध्यम से वकील मतदान कर सकेंगे। साथी वकीलों दलपत सिंह और सतबीर शर्मा के साथ प्रधान पद के लिए नामांकन करने पहुंचे शिवदत्त वशिष्ठ ने कहा कि ऑनलाइन चुनाव में पारदर्शिता नहीं होगी, इसलिए वे चुनाव का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर वे नामांकन नहीं करते तो दूसरे गुट के वकीलों को निर्विरोध चुन लिया जाता। इसलिए उन्होंने नामांकन किया।
