फरीदाबाद : जिले में कोरोना को मात देने वाले फिर से संक्रमित हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार 23 लोग दोबारा कोरोना की चपेट में आए हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग इसे बेहद गंभीर मान रहा है। हैरानी की बात है कि जो लोग दोबारा कोराना संक्रमित हुए हैं, उनमें ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज के कई कर्मचारी भी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि लोग लापरवाही बरत रहे हैं। शारीरिक दूरी का पालन न करना और मास्क न लगाए जाने से स्थिति बिगड़ रही है। स्वस्थ मरीजों पर भी अब रहेगी नजर।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में बुधवार शाम तक 16699 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 14674 स्वस्थ हो चुके हैं। ठीक हो चुके लोग भी अब विभाग की नजर में रहेंगे। उन्हें भी अन्य स्वस्थ नागरिकों की तरह जागरूक किया जाएगा। ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज दोबारा से संक्रमण होने के कारणों पर शोध करने की तैयारी में है। शोध के दौरान देखा जाएगा कि कोरोना के खिलाफ एंटी बॉडी विकसित नहीं हो पाई है या फिर कई नागरिकों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है, जिसके चलते ठीक होने के बाद वह फिर से संक्रमित हुए। हमारे मेडिकल स्टाफ सहित अन्य कई लोग दोबारा से संक्रमित पाए गए हैं। उनका इलाज चल रहा है। दोबारा से संक्रमित होने के कारणों का पता लगाने के लिए हम शोध कर रहे हैं।
-डॉ. एके पांडे, डिप्टी डीन, ईएसआइसी मेडिकल कॉलेज। जिले में ऐसे मामले आए हैं, जिनमें कई लोग दोबारा से कोरोना संक्रमित हुए हैं। अब हम ऐसे मरीजों पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।
-डॉ. रामभगत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी।
