फरीदाबाद :बल्लभगढ़ के चंदावली गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर 62 वर्षीय बुजुर्ग मां को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। महिला को इतनी बुरी तरह से पीटा गया है कि उसके शरीर पर कई जगह जख्म बन गए।

आसपास के लोगों व महिला के छोटे बेटे ने उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया। थाना सदर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिला कृष्णा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह गांव चंदावली में अपने छोटे बेटे राजकुमार व उसकी पत्नी के साथ रहती है। उसका बड़ा बेटा जोगिंदर भी गांव में ही रहता है। जोगिंदर का व्यवहार ठीक नहीं होने के कारण वह उससे बातचीत नहीं करती।
सुबह करीब साढ़े सात बजे वह अपने गांव में प्लॉट में बंधे पशुओं की देखभाल के लिए गई थी। उसी समय बड़ा बेटा जोगिंदर व उसकी पत्नी कुसुम आए और उसे कमरे में बंद करके अंदर से कुंडी लगा दी।
कुसुम ने आते ही गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और कहा कि तुम चोरी से हमारी भैंस का दूध निकाल लेती हो। महिला ने आरोपों को नकारा तो दोनों ने उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और किसी तरह उसे बचाया।
