नई दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज साउथ थाना क्षेत्र में एक फैशन डिजाइनर से घर में घुसकर छेड़छाड़ की गई। युवती ने जब इसका विरोध किया तो आरोपित ने रिश्तेदार को बुला लिया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग से शिकायत की है।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, रजोकरी गांव निवासी पीड़ित युवती के परिवार का एक्सपेार्ट का बिजनेस है। युवती के मकान मालिक के दो रिश्तेदार विक्रम यादव उर्फ विक्की व महेश उनके सामने वाले घर में रहते हैं। आरोप है कि दोनों दो-तीन महीने से पीड़िता का पीछा कर अश्लील टिप्पणी कर रहे थे। पीड़िता ने परिवार व पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी, इसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
आरोप है कि 13 सितंबर को विक्रम युवती के घर पहुंच गया और छेड़छाड़ करने लगा। पीड़िता व घर वालों ने विरोध किया तो वह उनसे झगड़ा करने लगा। इसी बीच उसने फोन करके रिश्तेदार महेश को भी बुला लिया। इसके बाद युवती सहित माता-पिता और भाई के साथ मारपीट की।
