फरीदाबाद : कोरोना महामारी में जिंदगी और मौत से जूझ रहे 65 वर्षीय कोरोना संक्रमित ने आखिरकार कोरोना से जंग जीत ली है। सेक्टर-7 निवासी को सोमवार शाम ईएसआईसी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। कोरोना से ठीक होकर घर लौटने पर उनके परिवार में खुशी का माहौल है। एनआईटी तीन स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के आईसीयू प्रमुख डॉ. मयंक हंस ने बताया कि सेक्टर-7 निवासी को रक्षाबंधन के बाद कोरोना हुआ था। उन्हें सांस लेने में तकलीफ, निमोनिया, डायबिटीज सहित कई बीमारियों के साथ अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मरीज की हालत देखकर उन्हें तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया गया।

मरीज की गंभीर हालत हो देखते हुए कई बार उन्हें वेंटिलेटर भी रखने की जरूरत पड़ी। बीच-बीच में उन्हें आईसीयू में सामान्य बेड पर रखा गया। इस बीच ऑक्सीजन की मात्रा लगातार कम ज्यादा बनी हुई थी, मगर उन्होंने हार नहीं मानी। बेटे ने कहा कि वैसे तो डॉक्टरी पेशा आज व्यवसाय का रूप ले चुका है, मगर आज भी अच्छे डॉक्टर मौजूद है। डॉक्टरों की कड़ी मेहनत से उनके पिता को नया जीवन मिला है और अब वह पूरी तरह स्वस्थ है। अस्पताल से 55 दिन बाद छुट्टी मिलने पर उन्होंने आईसीयू स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
