बल्लभगढ़ : सेक्टर-62 में सोमवार देर शाम टहलने के लिए निकली एक महिला के गले से मोटरसाइकिल सवार बदमाश चेन झपटकर फरार हो गए। महिला जब तक उनका विरोध करती, बदमाश वहां से भाग चुके थे। पीड़ित महिला ने घटना की जानकारी थाना आदर्श नगर पुलिस को दी। थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार घंटे के अंदर ही आरोपियों को धर दबोचा और महिला को उसकी चेन वापस दिलाई। दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सेक्टर-62 निवासी पुष्पा देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सोमवार देर शाम अपने घर के पास टहलने के लिए निकली थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। वह जब तक कुछ समझ पाती, तब तक बदमाश वहां से भाग चुके थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आदर्श दीप सिंह ने बताया कि थाना आदर्श नगर में तैनात जवान को सूचना मिली कि चेन झपटने वाले दोनों आरोपी सेक्टर-62 के बाजार में घूम रहे हैं। इस पर दोनों आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनके पास से महिला से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
