नई दिल्ली : पाकिस्तान में एक गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी की बेटी के अपहरण के विरोध में शिरोमणि अकाली दल (बादल) की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मंगलवार शाम को पाकिस्तान उच्चायोग के पास कैंडल मार्च निकालकर रोष जताया। शिअद बादल का कहना है कि आंदोलन का असर हुआ है। अगवा की गई लड़की अपने परिवार के पास लौट आई है।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीपीसी) के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा और शिअद बादल के प्रदेश अध्यक्ष हरमीत ¨सह कालका के नेतृत्व में सोमवार को सिखों ने प्रदर्शन किया था। उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ मिलने तक आंदोलन जारी रखने का एलान किया था। मनजिंदर सिंह सिरसा का कहना है कि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए एकजुट होकर किए गए आंदोलन व प्रयास की वजह से लड़की परिवार के पास लौट आई है। उन्होंने कहा कि वह विदेश मंत्रालय में पाकिस्तानी डेस्क के प्रभारी जेपी सिंह के भी आभारी हैं। उनके प्रयास की वजह से भी यह सफलता मिली है। पार्टी की महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष रणजीत कौर की अगुआई में महिलाओं ने कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में सिख लड़कियों पर अत्याचार हो रहे हैं। अपरहण करके जबरन मुस्लिम युवकों से उनकी शादी की जा रही है। पाकिस्तान सरकार को इसे रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने चाहिए।
