नई दिल्ली : राजधानी में ऑक्सीजन की कमी को लेकर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि फिलहाल अस्पतालों में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है। ऑक्सीजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। करीब एक सप्ताह तक का भंडारण अस्पतालों में है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री का यह भी कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में अब कोरोना की वजह से ऑक्सीजन की मांग में इजाफा जरूर हुआ है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में ऑक्सीजन की सप्लाई उत्तर प्रदेश और राजस्थान से होती है। राजस्थान में पिछले कुछ समय से ऑक्सीजन में काफी कमी आई है। इसलिए आपूर्ति करने वालों को पहले संबंधित राज्य में आपूर्ति के लिए कहा जा रहा है। दिल्ली के अस्पतालों में 6 से 7 दिन तक के लिए ऑक्सीजन बचा है, जबकि कुछ अस्पतालों में 7 दिन से भी कम है। जैन का कहना है कि दिल्ली में संक्रमित मिलने की दर 6.47 फीसदी दर्ज की गई है। अगर एक सप्ताह की स्थिति पर गौर करें तो यह आंकड़ा सात फीसदी के आसपास रहा है। इससे पहले यह दर 9 फीसदी तक थी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जो मामले अचानक से बढ़ रहे हैं वह कुछ सप्ताह बाद कम भी हो रहे हैं। इसलिए अगले दो से तीन सप्ताह में संक्रमित कम हो सकते हैं
