मुंबई: बॉलीवुड की ड्रग मंडली की कहानी जितनी सुलझी हुई दिखती है उतनी ही उलझी हुई है. रूपहले पर्दे के सितारे NCB के प्रश्न जाल का सामना कर रहे हैं. शनिवार को एनसीबी ने दीपिका पादुकोण से 6 घंटे तक पूछताछ की. जबकि सारा अली खान (Sara Ali Khan) और श्रद्धा कपूर का भी 5-5 घंटे तक सवालों से सामना हुआ. वहीं अब इस मामले को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है.NCB को फॉरेंसिक विभाग ने रिपोर्ट में यह साफ कर दिया है कि करण जौहर के घर पार्टी हुई थी.

इस खबर के अनुसार करण जौहर के घर पर हुई 28 जुलाई 2019 की पार्टी के वीडियो की फॉरेंसिक रिपोर्ट एनसीबी को मिली है. फॉरेंसिक जांच में पता चला कि वीडियो के साथ कोई छेड़छाड़ नही की गई थी, अब इस वीडियो को लेकर एसआईटी हेड केपीएस मल्होत्रा और मुंबई जोन के डीडीजी अशोक जैन एनसीबी चीफ राकेश अस्थाना से मीटिंग कर आगे की रणनीति तय करेंगे.
जांच की एक डिटेल रिपोर्ट भेजी जाएगी
सूत्रों के मुताबिक बॉलीवुड की ड्रग मंडली में कई और लोगों के नाम हैं जिसका खुलासा आने वाले दिनों में हो सकता है. लेकिन बताया जा रहा है कि फिलहाल NCB अब तक की जांच की एक डिटेल रिपोर्ट NCB के डीजी राकेश अस्थाना को भेजेगी. जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. लेकिन इतना जरूर है कि बॉलीवुड की ड्रग कुंडली का पूरा खुलासा अभी बाकी है और अब सितारों का फोन इस जांच को नया और बड़ा मोड़ दे सकता है.
अब तक 20 गिरफ्तार
ड्रग मामले में NCB ने अबतक 35 लोगों से पूछताछ की है और 20 लोग गिरफ्तार किए गए हैं. . लेकिन अभी पूछताछ खत्म नहीं हुई है. सूत्रों की माने तो NCB ने अभी तक क्लीन चिट नहीं दी है और आगे भी पूछताछ जारी रहेगी.
