नई दिल्ली : अलीपुर इलाके में दरवाजे पर बैठे एएसआइ और एक अन्य व्यक्ति पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ सात राउंड फायरिंग कर दी। घटना में दोनों लोग घायल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराय गया है। सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। वारदात के पीछे टिल्लू गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक सीलमपुर थाने में तैनात एएसआइ सूबे सिंह रविवार की शाम करीब छह बजे अलीपुर में अपने पड़ोसी व नगर निगम के नरेला जोन में सैनिटरी इंस्पेक्टर के पद पर तैनात महेंद्र सिंह के साथ बैठे थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवक पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इसमें महेंद्र सिंह की कमर में एक गोली लगी जबकि सूबे सिंह के पैर में दो गोलियां लगीं। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। स्वजनों ने दोनों घायलों को शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना के पीछे टिल्लू गिरोह का हाथ होने की आशंका जता रही है।
दरअसल, टिल्लू ने 2015 में अरुण कमांडो नाम के एक युवक की अलीपुर में हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में महेंद्र के शिक्षक भाई निरंजन मुकदमे की पैरवी कर रहे थे। इसके चलते टिल्लू ने 2017 में मुरथल में स्कूल के बाहर निरंजन की हत्या कर दी थी। इस हत्या में टिल्लू को सजा भी हो गई है। ऐसे में अब टिल्लू को शक है कि उसके विरोधी गोगी गिरोह की आर्थिक मदद निरंजन के परिवार द्वारा की जा रही है। इसके चलते ही उसने महेंद्र की हत्या करने के लिए यह हमला किया था। हालांकि, इसमें एएसआइ भी हमलावरों की गोली लगने से घायल हो गए। मामले की जांच की जा रही है।
