फरीदाबाद : नहरपार सेक्टर-77 स्थित पार्क फ्लोर सोसाइटी में रहने वाले एक किरायेदार का एग्रीमेंट खत्म होने पर मकान मालकिन ने शनिवार को सारा सामान घर से बाहर फेंक दिया गया। किरायेदार का आरोप है कि बाहर से बदमाश बुलाकर उनकी मां के साथ मारपीट की। घर के दरवाजे भी तोड़ दिए। मौके पर पहुंची बीपीटीपी थाना पुलिस ने शिकायत लेकर मकान मालकिन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित मनीष शर्मा ने बताया कि वह अपने माता-पिता व भाई के साथ पार्क फ्लोर सोसाइटी की पहली मंजिल पर बतौर किरायेदार रहते हैं। लॉकडाउन के दौरान उनका रेंट एग्रीमेंट खत्म हो गया था। इस दौरान वह समय से किराया भी नहीं दे सके। इसके कारण मकान मालकिन सोनिया ओबराय उन पर मकान खाली करने का दबाव बना रही थी। उन्होंने कुछ दिनों की मोहलत मांगी, जिसे देने के लिए वह तैयार नहीं हुई। जांच अधिकारी एएसआई कर्मबीर सिंह ने बताया कि किरायेदार मनीष शर्मा इस मामले को कोर्ट में लेकर पहुंच गए। जहां उनकी अर्जी 29 सितंबर को खारिज कर दी गई। कोर्ट ने उन्हें बकाया किराया देने के साथ मकान खाली करने के लिए कह दिया। इसके बाद भी वह मकान खाली नहीं कर रहे थे। शुक्रवार को मकान मालकिन सोनिया ओबराय ने पुलिस से इसमें मदद मांगी। पुलिस ने शनिवार को बैठकर सुलह कराने का भरोसा दिया था।
आरोप है कि शनिवार को सोनिया ओबराय खुद ही दस-पंद्रह लोगों के साथ मकान पर पहुंच गई। वहां उनका सारा सामान बाहर फेंक दिया। मनीष ने इस मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की है कि मकान मालकिन उनके घर में आपराधिक तत्वों को लेकर जबरन घुस आई। घर का सामान तोड़ दिया। उनकी मां के साथ मारपीट की व अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूट कर फरार हो गई। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़ित ने मामले की शिकायत दी है। सोनिया ओबराय ने मकान में अपना ताला लगा दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस पर भी लगाया आरोप
पीड़ित ने बीपीटीपी थाने पर भी गंभीर आरोप लगाया है। बताया कि आरोपी पहले ही पुलिस से मिलकर आए थे। वह कह रहे थे, जब तक वह रहेंगे पुलिस नहीं आ सकती। बार-बार फोन करने पर करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले सभी आरोपी मौके से जा चुके थे। हालांकि, पुलिस ने सूचना मिलने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचने का दावा किया है।
