फरीदाबाद : पलवल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार सुबह संजय काॅॅलोनी गली नंबर 54 में चल रहे अवैध गर्भपात केंद्र के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की है और संजय काॅॅलोनी चौकी की पुलिस ने गर्भपात करने के आरोप में पूनम नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डा. हरीश आर्या मौके पर मौजूद थे। छापेमारी के दौरान टीम ने गर्भपात के औजार और दवाएं बरामद की है।

पलवल स्वास्थ्य विभाग के उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. जेपी प्रसाद ने बताया कि करीब एक महीने पहले अवैध गर्भपात केंद्र की शिकायत प्राप्त हुई। एक महिला को फर्जी ग्राहक बनने के लिए तैयार करने के बाद शाम को छापेमारी की थी। टीम में डा. जेपी प्रसाद के अलावा डा. प्रिंयका और कृष्ण कुमार शामिल थे। टीम शिकायत में लिखे एड्रेस संजय कालोनी गली नंबर 54 पर पहुंच गई। फर्जी ग्राहक को 15 हजार रुपये भी दिए थे। डा. जेपी प्रसाद ने उन नोट नंबर को पहले ही लिख लिए थे। गर्भपात केंद्र पर महिला की मुलाकात पूनम से हुई। उसने गर्भपात करने के लिए कहा। पूनम ने फर्जी ग्राहक से सेक्टर-22 स्थित केंद्र से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कहा। महिला ने
अल्ट्रासाउंड जांच कराने के बाद आरोपित पूनम को देर रात का हवाला देते हुए बुधवार को गर्भपात कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि पूनम सात हजार रुपये में गर्भपात करने के लिए तैयार हो गई थी। बुधवार सुबह पलवल स्वास्थ्य विभाग की टीम फर्जी ग्राहक महिला के साथ संजय काॅलोनी पहुंच गई। महिला का इशारा पाते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी शुरू कर दी। डा. जेपी प्रसाद ने फरीदाबाद पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डा. हरीश आर्या और डा. संगीता को फोन करके बुला लिया। डा. हरीश आर्या ने बताया कि आरोपित पूनम एक निजी अस्पताल में दाई का काम करती थी और वहां से काम सीखने के बाद घर पर ही गर्भपात करने लगी। उसके खिलाफ संजय कालोनी पुलिस चौकी में शिकायत दी गई है।
