नई दिल्ली : कोरोना महामारी के चलते धीरे-धीरे हर सरकारी विभाग डिजिटल होता जा रहा है। ऐसे ही में दिल्ली बाल अधिकार संरक्षण आयोग (डीसीपीसीआर) भी डिजिटल इंडिया की ओर कदम बढ़ा चुका है। अब दिल्ली बाल आयोग की कार्यप्रणाली में नए साल से यानि साल 2021 से कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। आयोग में नए साल से शिकायतों को ऑनलाइन दर्ज कराने के साथ उसके निवारण और शिकायत की स्थिति को शिकायतकर्ता ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकता है। आयोग ने इस दिशा में कार्य करना शुरु भी कर दिया है।

अगर वर्तमान स्थिति की बात करें तो आयोग में शिकायत दर्ज करने और उसे संभालने की एक मैनुअल प्रणाली है। जिसके तहत अगर किसी को भी बच्चों से संबंधित कोई शिकायत दर्ज करानी होती है तो फिर शिकायतकर्ता को आयोग के नाम एक पत्र लिखकर आयोग के ऑफिस में जाकर देना होता है या फिर आयोग के फोन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराता है।
अभी तक शिकायतों की स्थिति को ट्रैक करने के लिए कोई ऑनलाइन तंत्र नहीं है
वहीं, एक बार आयोग को शिकायत मिल गई तो फिर उसकी डायरी प्रविष्टि होती है। जिसके बाद शिकायत आयोग के संबंधित सदस्य के पास निपटान के लिए पहुंचाई जाती है। फिर सदस्य संबंधित अधिकारी से शिकायत का निपटान कर दस से पंद्रह दिन के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगते हैं। इस बीच शिकायतकर्ता को अगर पता करना होता है कि उसके द्वारा की शिकायत का निपटान अब तक क्यों नहीं हुआ या उसकी शिकायत की फाइल किस विभाग में किस अधिकारी के पास रुकी हुई है तो इसके लिए उसे बाल आयोग के ऑफिस आकर संबंधित सदस्य से बार-बार पूछना पड़ता है। एक प्रकार से शिकायतों की स्थिति को ट्रैक करने के लिए कोई ऑनलाइन तंत्र नहीं है। इन्ही सब समस्याओं को देखते हुए आयोग 1 अप्रैल 2021 से वर्तमान कार्यप्रणाली को ऑनलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली में परिवर्तित करेगा।
शिकायतकर्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत
दिल्ली बाल आयोग के अध्यक्ष अनुराग कुंडू बताते हैं कि इस ऑनलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत शिकायतकर्ता बड़ी आसानी से घर बैठे आयोग के पास शिकायत दर्ज करा सकता है। उसके द्वारा दर्ज की गई शिकायत की त्वरित फाइलिंग भी की जाएगी और वो अपनी शिकायत को निपटान की स्थिति जानने के लिए इसको ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकेंगे। इससे पारदर्शिता तो आएगी ही साथ ही शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत की स्थिति जानने की चिंता भी खत्म होगी। वहीं, आयोग ने ऑनलाइन शिकायत प्रबंधन प्रणाली के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
