बिहार : बिहार विधानसभा आम चुनाव के पहले चरण के 71 सीटों में 30 फीसदी उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के साथ ही अपने ऊपर दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी फॉर्म-26 में दिया है। पहले चरण के चुनाव को लेकर नामांकन वापसी के बाद कुल 1066 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और इनमें 319 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गुरुआ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 10 प्रत्याशी आपराधिक छवि वाले हैं। जबकि सबसे कम एक-एक उम्मीदवार पांच विधानसभा क्षेत्रों में आपराधिक छवि वाले हैं। इनमें सुलतानगंज, कटोरिया (सु), मोहनियां (सु), बाराचट्टी (सु) और जमुई विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
बिहार के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बुधवार को बताया कि दिनारा में 19 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं जबकि इनमें 9 प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। बांका, शेखपुरा, शाहपुर में आठ-आठ प्रत्याशियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं, प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुआ विधानसभा क्षेत्र से नामांकन वापसी के बाद कुल 23 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जबकि सुलतानगंज में 13, कटोरिया (सु) में 5, मोहनियां (सु) में 13, बाराचट्टी (सु) में 13 और जमुई में 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
