फरीदाबाद : गत सायं एनआईटी क्षेत्र को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोडऩे वाले नीलम फ्लाइओवर के नीचे हुए अग्निकांड से नीलम पुल को क्षति के बारे में आज बडखल विधानसभा क्षेत्र की विधायक सीमा त्रिखा ने निगम आयुक्त यश गर्ग व बडखल के एसडीएम पंकज सेतिया को फोन कर संज्ञान लिया। उन्होंने दोनों अधिकारियों को निर्देश दिये कि पुल को हुई क्षति के बारे में बाहर से विशेषज्ञ बुलाकर जल्द से जल्द जायजा लेकर इसकी मरम्मत कराई जाए और पुल के बंद होने से लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए पुल को सिर्फ एक ओर से ही बंद रखने और एक ओर ही दोनों तरफ का यातायात सुचारू रूप से चलाया जाए। वहीं उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस हादसे के जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए। नीलम पुल के बंद होने के कारण आज बाटा पुल पर दिनभर भारी जाम लगा रहा जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

