फरीदाबाद : निकिता तोमर हत्याकांड को लेकर रविवार को सर्व समाज पंचायत में बवाल करने के आरोप में गिरफ़्तार 30 युवकों में से 3 कोरोना वायरस संक्रमित मिले हैं। फरीदाबाद पुलिस ने अदालत में पेश करने से पहले सभी का कोरोना टेस्ट कराया था, जिसमें 3 युवक पॉजिटिव मिले हैं। अब सोमवार को आरोपितों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा। वहीं, 3 युवकों के कोरोना पोज़िटिव मिलने से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि इसके बाद सभी युवकों को पुलिस निगरानी में क्वारंटाइन किया जाएगा। वहीं, पंचायत में शामिल इन युवकों के संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान को कोशिश में पुलिस जुट गई है। इसी के साथ युवकों को हिरासत में लेने वाले पुलिसकर्मियों का भी कोरोना टेस्ट करवाया जाएगा।

गौरतलबह है कि बल्लभगढ़ में छात्रा निकिता की गोली मारकर हत्या करने के मामले में रविवार को फिर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर बवाल हुआ था। युवाओं की भीड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गई और दोनों लेन को जाम कर दिया था। इससे राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था ठप हो गई थी। अचानक हुए इस जाम से यातायात पुलिस के हाथ-पैर फूल गए थे और तुरंत रूट डायवर्ट करने में जुट गए थे, लेकिन करीब पौने घंटे तक राजमार्ग पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन दिखाई दी।
