नई दिल्ली । भाजपा का कहना है कि दिल्ली सरकार द्वारा राजधानी में छठ महापर्व के आयोजन की कोई तैयारी नहीं की जा रही है जिससे लोग परेशान हैं। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस संबंध में शीघ्र दिशा निर्देश जारी करने की मांग की है जिससे कि यह स्पष्ट हो सके कि इस वर्ष दिल्ली में छठ का आयोजन किस प्रकार होगा। इसे लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखा है।उनका कहना है कि राजधानी के लाखों लोग प्रतिवर्ष छठ महापर्व करते हैं। छठ करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो इसके लिए यमुना किनारे तथा दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर विशेष घाट बनाए जाते हैं। दिल्ली सरकार की ओर से प्रतिवर्ष राजधानी के छठ घाटों पर इस महापर्व के आयोजन के प्रबंध किए जाते हैं। विभिन्न विभागों की बैठक बुलाकर इसके आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप भी दिया जाता है। लेकिन आश्चर्य की बात है कि इस वर्ष अभी तक न तो कोई बैठक बुलाई गई है और न ही छठ घाटों की सफाई हुई है।उन्होंने कहा कि इस वर्ष छठ महापर्व का आयोजन 20 और 21 नवंबर को होना है। ऐसे में तैयारियों के लिए अब 10 दिन से भी कम का समय बचे हैं। इसके बावजूद दिल्ली सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री केजरीवाल से मांग की कि शारीरिक दूरी और मास्क आदि एहतियात के अन्य उपायों के साथ छठ महापर्व का आयोजन किया जाना चाहिए।राजधानी के लाखों लोगों की इस महापर्व में गहरी आस्था है। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि अभी जिन स्वयंसेवकों को केजरीवाल सरकार ने दिल्ली की ट्रैफिक लाइटों पर खड़ा कर रखा है, उन्हें छठ घाटों की साफ-सफाई के काम में लगाया जाए। छठ पूजा के दौरान इन्हें मास्क बांटने और शारीरिक दूरी को लागू कराने के काम में लगाया जाए ताकि छठ का आयोजन सुचारू रूप से हो सके।

