नई दिल्ली : ठिठुरन भरी ठंड के बीच नए साल के तीसरे दिन बारिश ने एक दशक का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस बीच दिल्ली-एनसीआर के आसमान में सुबह से बादल छाए हैं और सोमवार को 20 से 30 कि.मी. प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवा के साथ ओले पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी करते हुए अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह भी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों के दिल्ली-एनसीआर में बारिश हो सकती है।
इन इलाकों में हो सकती है बारिश
- पश्चिमी दिल्ली (West Delhi)
- उत्तर पूर्वी दिल्ली (North-West)
- उत्तरी दिल्ली (North Delhi)
- सोनीपत (Sonipat)
- नारनौल (Narnaul)
- नूंह (Nuh)
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 15.8 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 9.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 82 से 100 फीसद रहा। बारिश सुबह साढ़े आठ बजे तक 25.1 मि.मी. और फिर सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक 14.8 मि.मी. दर्ज हुई। यानी कुल बारिश 39.9 मि.मी. रिकार्ड हुई।

जानकारी के मुताबिक जनवरी माह में औसतन 21.7 मि.मी. बारिश होती है जबकि रविवार को एक ही दिन में इससे कहीं अधिक बारिश हो गई। दूसरी तरफ 2012 से लेकर अभी तक जनवरी के पहले सप्ताह में कभी इतनी बारिश दर्ज नहीं हुई। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि इस बारिश की वजह पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तो है ही, राजस्थान के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन और छत्तीसगढ़ पर बना एक एंटी साइक्लोन भी मुख्य कारण है।वहीं, दिनभर हुई तेज बारिश से रविवार को आश्रम फ्लाइ ओवर, ओखला सब्जी मंडी, एमबी रोड पर पुल प्रह्लादपुर अंडरपास समेत कई जगहों पर जलभराव हो गया। सबसे ज्यादा दिक्कत पुल प्रह्लादपुर अंडरपास में तीन मालवाहक वाहनों के फंसने के कारण हुई। फंसे हुए वाहनों को किसी तरह से क्रेन के द्वारा बाहर निकाला गया। जलभराव से एमबी रोड पर बदरपुर से आने और जाने वाला मार्ग कई घंटो तक बंद रहा। उधर, फरीदाबाद जाने वालों को सूरजकुंड क्रासिंग से होकर गुजारा गया, जिससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
