फरीदाबाद : नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर गोल्फ क्लब में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें समाजसेवियों, राजनेताओं एवं गोल्फ क्लब के सदस्यों सहित गणमान्य लोगों ने शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के परम भक्त सुभाष उपाध्याय ने किया। इस मौके पर उन्होंने अपनी गाड़ी को पूरी तरह से देशभक्ति के रंग में रंगा हुआ था और नेताजी की वेशभूषा धारण कर लोगों को संदेश दिया कि वो इस देश के कितने अनमोल रत्न थे।

कार्यक्रम में अनेक नन्हें-मुन्ने बच्चों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की वर्दी पहनकर हाथों में तिरंगा लहराया। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश नागर ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए बड़ा सौभाग्यशाली है। भारत माता के वीर सपूत ने मां भारती की गोद से आज के दिन जन्म लिया था, जिन्होंने आजाद भारत के सपने को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन गुलामी के अंधेरे में वह चेतना फूटी थी, जिसने दुनिया की सबसे बड़ी सत्ता के सामने खड़े होकर कहा था, ‘मैं तुमसे आजादी मांगूंगा नहीं छीन लूंगा।कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेन्द्र शर्मा बबली, भाजपा नेत्री अनीता शर्मा ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के चरणों में शीश झुकाया और उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इन्होंने कहा कि हम उस मां को नमन करते हैं, जिन्होंने नेताजी को जन्म दिया। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस का नाम कान में पड़ते ही आज भी एक नई ऊर्जा का संचार हो उठता है।
कार्यक्रम के आयोजन सुभाष उपाध्याय ने आए हुए सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और कहा कि सुभाष चन्द्र बोस जी मेरे श्रद्धेय हैं और आज का दिन मेरे लिए बहुत भावुक करने वाला पल है। उनके पराक्रम की कोई सीमा नहीं थी, अंग्रेज भी उनके नाम से थर्र-थर्र कांपते थे। इसलिए उनकी जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। कार्यक्रम में आए हुए राष्ट्रीय कवि देवेन्द्र कुमार एवं अन्य ने अपनी देशभक्ति कविताओं से समां बांध दिया। सुभाष उपाध्याय ने इस मौके पर गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को कम्बल भी वितरित किए। इस मौके पर तेजपाल सिंह, ओम कुमार पुंडीर, सुनील उपाध्याय, रोहताश कुमार, ऋषि अग्रवाल, प्रेम भड़ाना, अक्षय राणा, रामेश्वर योगी, राष्ट्रीय कवि देवेन्द्र कुमार, एडवोकेट विरेन्द्र कुमार, मनोज कुमार, रतन सिंह, बाबूराम उपाध्याय, सुभाष भड़ाना, प्रेमनाथ, अक्षय राणा, ओमपाल गौड, रामनिवास शर्मा, प्रमोद भारद्वाज बदरपुर, शकुंतला शर्मा रोहतक आदि मौजूद रहे।
