फरीदाबाद : जिले में कानून व शांति व्यवस्था के साथ ही पुलिस पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही है। मादक पदार्थाें का प्रदूषण रहित निस्तारण इसमें अहम कदम साबित हो रहा है। पुलिस हर साल लोगों से बड़ी मात्रा में गांजा, अफीम, चरस, चूरा पोस्त, हेरोइन व नशीली दवाएं बरामद करती है। पहले इनका निस्तारण खुले में जलाकर किया जाता था। इसके बाद इन्हें जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर दबाया जाने लगा। इसमें पहले तरीके से वायु प्रदूषण होता था, वहीं दूसरे तरीके से मिट्टी प्रदूषित होती थी। करीब तीन साल पहले पुलिस ने गांव जसाना स्थित एक बायो मेडिकल वेस्ट डिस्पोजल प्लांट से समझौता किया। अब मादक पदार्थों का निस्तारण इसी प्लांट में हो रहा है।

पुलिस को हर साल 10 से 12 कुंतल मादक पदार्थों का निस्तारण करना होता है। पिछले साल 17 अक्टूबर को पुलिस ने करीब पांच कुंतल मादक पदार्थों का निस्तारण किया था। साल में दो से तीन बार इनका निस्तारण होता है। अन्य जगहों की पुलिस को भी मादक पदार्थाें के निस्तारण के लिए प्रदूषण मुक्त उपाय करने चाहिए। पर्यावरण संरक्षण में सभी का योगदान जरूरी है।
