फरीदाबाद : ईएसआइ डिस्पेंसरी सेक्टर आठ में रविवार को प्रदेश के दूसरे एआरटी (एंटी रेट्रो थेरेपी) सेंटर की शुरुआत की गई। इस दौरान अतिरिक्त महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा डा. वीना सिंह मुख्य अतिथि थी। उन्होंने रिबन काटकर एवं दीप प्रज्जवलित करके एआरटी सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने पूरे केंद्र का निरीक्षण भी किया। एचआइवी के मरीजों के लिए किए गए इंतजाम से काफी संतुष्ट दिखी। इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.रणदीप सिंह पूनिया, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. शीला भगत, एआरटी सेंटर के नोडल अधिकारी डा. अखिल महाजन ने डा. वीना सिंह को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
फरीदाबाद में एआरटी सेंटर के शुरू होने से आसपास के जिले जैसे पलवल, नूंह, गुरुग्राम, रेवाड़ी, सोनीपत के मरीजों को रोहतक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। एचआइवी के मरीजों को जिले में ही दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिले में एचआइवी जांच की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन संक्रमण की पुष्टि के बाद मरीज को छह महीने तक रोहतक जाकर दवाएं लेनी पड़ती हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग संबंधित व्यक्ति को एचआइवी का प्रमाण पत्र जारी करता है। उसके बाद फरीदाबाद में दवाएं उपलब्ध होती हैं। डा. वीना सिंह ने बताया कि प्रदेश के करीब 30 हजार एचआइवी के मरीजों को रोहतक आकर दवा लेनी पड़ती है। निदेशालय ने नाको (नेशनल एड्स कंट्रोल आर्गेनाइजेशन) से बातचीत करके नौ जिलों में एआरटी सेंटर शुरू करने की अनुमति ली है। रोहतक के बाद फरीदाबाद में दूसरे एआरटी सेंटर की शुरुआत हुई है। जल्द ही अन्य जिलों में भी सेंटर की शुरुआत होगी। इस दौरान उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रमेश चंद, डा. रामभगत, डा. गजराज, डा. राजेश श्योकंद, प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. सविता यादव, डा. अनीता खुराना, ईएसआइ डिस्पेंसरी के एमएस डा. पुनीत बंसल, सुभाष गहलोत, सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सेंटर में मिलेगा सुबह का नाश्ता
डा.वीना सिंह बताया कि एआरटी सेंटर में एचआइवी के मरीजों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए पैंट्री भी बनाई गई है। उनका प्रयास है कि पीपीपी मोड पर मरीजों के नाश्ते की व्यवस्था की जा सके, ताकि अन्य जिलों से आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान उन्होंने एआरटी सेंटर में मौजूद सभी स्टाफ से अपील की कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए। मरीजों को परिवार का सदस्य माने। इन जिले में खुलेंगे एआरटी सेंटर रेवाड़ी, पानीपत, हिसार, करनाल, गुरुग्राम, पंचकूला, बहादुरगढ़ और कुरुक्षेत्र। सिर्फ एक बार जाना होगा रोहतक डा. वीना सिंह ने बताया कि एचआइवी की पुष्टि के बाद मरीज को वायरल लोड की जांच के लिए एक बार रोहतक जाना होगा। वायरल लोड का पता लगने के बाद ही दवा शुरू की जाती है। हमारा प्रयास रहेगा कि फरीदाबाद में जल्द ही वायरल लोड जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यह होगा स्टाफ एक स्टाफ नर्स, काउंसलर, लैब टेक्नीशियन और चिकित्सा अधिकारी दूसरी डोज भी लगवाई एआरटी सेंटर का उद्घाटन करने के बाद डा. वीना सिंह ने कोरोना से बचाव के टीके की दूसरी डोज भी लगवाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी भी 20 फरवरी तक टीका लगवा लें। वहीं दूसरा चरण 15 मार्च तक चलाया जाएगा। उन्होंने जिले में कोरोना संक्रमण के मामले कम होने पर डा. रणदीप सिंह पूनिया, डा. रामभगत, डा.रमेश चंद, डा. गजराज और डा.राजेश श्योकंद को बधाई दी। इंफो
-3000 एचआइवी मरीज है जिले में
-183 एचआइवी मरीजों को पिछले वर्ष हुई थी पहचान
-28 मरीजों की जनवरी में हुई है पहचान
