बल्लभगढ़ : चावला कॉलोनी के लोगों पर इन दिनों गंदे पानी की मार पड़ रही है। करीब दो सौ घरों में पिछले एक हफ्ते से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। जिसको लेकर आज स्थानीय लोगों ने नगर निगम में पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निगम को भी आरोपी ठहराया। इस गैर ज़िम्मेदाराना हरकत पर लोगों का कहना है कि प्राइवेट टैंकर भी सप्लाई नहीं कर रहे हैं। कुछ टैंकर संचालक पानी दे रहे हैं, लेकिन वह मनमाने रेट वसूल रहे हैं। कॉलोनी निवासी ने कहा कि सुबह शाम दो बार पानी आता है, लेकिन पानी बिल्कुल काला और बदबूदार है। इससे न तो कपड़े धो सकते हैं और न ही बर्तन साफ कर सकते हैं। कई घंटे तक पानी को बाल्टी में छोड़ना पड़ता है। जब गंदगी नीचे बैठ जाती है उसके बाद पानी को उबाल कर पीने में प्रयोग किया जाता है। पार्षद दीपक चौधरी पर भी लोगों ने आरोप लगाया और रोष जताया की वे जनता की समस्या को न सुनते हुए अपनी मौज में मस्त है। उनका का कहना है कि पुराना ट्यूबवेल पानी छोड़ चुका है, उसमें गंदगी आ रही है। लॉकडाउन से ट्यूबवेल ठीक नहीं हो पा रहा है। ऐसे हालात में निगम पर बड़ा प्रश्न उठता है कि पानी जैसी बुनियादी ज़रूरत के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है और अधिकारियों और पार्षद के कानों पर जु तक नहीं रेंगती।

