फरीदाबाद : प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने केन्द्र सरकार द्वारा हाल ही में पेश किए गए बजट को प्रगतिशील बजट की संज्ञा देते हुए कहा कि कोरोना काल में जब विश्व की तमाम आर्थिक शक्तियां धराशाही हो रही थी, इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में अर्थ व्यवस्था को मजबूती देने वाला बजट पेश किया गया। इस बजट से देश को प्रगति तो मिलेगी ही साथ ही साथ रोजगार के अवसर भी सृजित किए जा सकेगें। कैप्टन अभिमन्यु आज सैक्टर-19 स्थित राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कन्वीनर रामलाल के परिजन धर्मदेव अग्रवाल के पुत्र आभाष के शादी-समारोह में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से रूबरू हो रहे है। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सुरेन्द्र तेवतिया के अलावा श्री रामलाल के सगे-संबंधी विशेष रूप से मौजूद थे।पूर्व वित्त मंत्री ने बजट पर विस्तार से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में सभी क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए उनको कुछ न कुछ देने का भरपूर प्रयास किया गया है। ऐसा होने से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ जरूर पहुंचेगा तथा बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकेगें। यह बजट अपने आप में क्रांतिकारी बजट है तथा प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में ही ऐसा होना संभव हो सका है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि मोदी है तो मुमकिन है। सेना को 134 अर्जुन टैंक सौंपे जाने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारत अपनी सामरिक जरूरतों को पूरा करने के लिए विश्व के अन्य देशों के सामने हाथ बांधे खड़ा रहता था और आज भारत अपनी सामरिक जरूरतों को न सिर्फ खुद पूरा कर रहा है बल्कि विश्व के कई देशों को हथियारों की आपूर्ति भी कर रहा है। आज भारत विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनने के साथ-साथ सामरिक महाशक्ति बनने की दिशा में भी अग्रसर है।

