फरीदाबाद : विधानसभा में सरकार के खिलाफ लाए अविश्वास प्रस्ताव पर विपक्ष के नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अभय सिंह चौटाला ने विधायक पद से इस्तीफा देकर सरकार की मदद की है। वे भाजपा सरकार से मिले हुए हैं।
हुड्डा बृहस्पतिवार को सेक्टर-7 में कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद जगन डागर के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान पिछले तीन महीने से बार्डर पर बैठे हुए हैं। अब ये आंदोलन बढ़ता जा रहा है। आंदोलन से मजदूर, दुकानदार, व्यापारी सभी जुड़ते जा रहे हैं। सरकार को किसानों से बातचीत करनी चाहिए। बातचीत से ही समाधान निकल सकता है। किसानों की मांगें जायज हैं और कांग्रेस उनका समर्थन करती है। सरकार को तीनों कानूनों को वापस ले लेना चाहिए। पंजाब के नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत आंदोलन के समर्थन की जीत है। हुड्डा ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। हर व्यक्ति महंगाई से प्रभावित है। सरकार को आम आदमी की कोई चिता नहीं है। हुड्डा ने अपने खिलाफ ईडी का मुकदमा दर्ज कराने पर कहा कि ये पुराना मामला है। सरकार ने राजनीति से प्रेरित होकर मुकदमा दर्ज कराया है। ये सभी लोग जानते हैं। इस मौके पर उनके साथ विधायक राव दान सिंह, विधायक नीरज शर्मा, कांग्रेस नेता लखन सिगला, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, योगेश गौड़, अनीशपाल मौजूद थे।
