फरीदाबाद : गर्मी में पैदा होने वाले पानी के संकट से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। निगम क्षेत्र में लगे सभी ट्यूबवेलों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जा रहा है।यह पता कराया जा रहा है कि कितने ट्यूबवेल चालू हालत में हैं और कितने में पानी नहीं है अथवा मोटर आदि खराब पड़ी हैं। जिससे समय पर उनका मेंटिनेंस कराया जा सके। निगम कमिश्नर यशपाल यादव ने इंजीनियरिंग ब्रांच को 31 मार्च तक इन्हें पूरी तरह ठीक करने का आदेश दिया है। साथ ही सेक्टर-25 में बने जलघर की क्षमता बढ़ाने की भी योजना है।
निगम अधिकारियों का कहना है कि बाइपास रोड किनारे लगे 20 नए ट्यूबवेलों से मिलने वाले पानी को सेक्टर तीन के बूस्टर में पहुंचाया जाएगा। इसके बाद इस पानी को सेक्टर-25 के जलघर में पहुंचाया जाएगा। इससे सेक्टर-55 और उसके आसपास के इलाकों में पानी संकट को खत्म किया जा सकेगा। निगम कमिश्नर ने सभी एक्सईएन से एक सप्ताह में ट्यूबवेलों औैर शहर में पानी की उपलब्धता की रिपोर्ट मांगी है। गर्मी में सबसे ज्यादा पानी की किल्लत सेक्टर 55, गौंछी, सेक्टर 22, 23, संजय कॉलोनी आदि इलाकों में रहती है। यहां पानी सेक्टर-25 के जलघर से जाता है। स्थानीयवासियों का कहना है कि वर्तमान में रैनीवेल का पर्याप्त पानी लोगों को नहीं मिल रहा। इन इलाकों में कुल करीब 25 एमएलडी पानी की जरूरत है। लेकिन उपलब्धता महज 12 एमएलडी तक ही है। ऐसे में लोगों को प्राइवेट टैंकरों से पानी मंगाकर काम चलाना पड़ता है।
पानी 25 एमएलडी की जरूरत, मिलता है महज 12 एमएलडी इन इलाकों की आबादी करीब छह लाख है| जिन इलाकों में पानी का संकट रहता है वहां की आबादी करीब 6 लाख है। इतनी बड़ी आबादी को हर साल पानी के संकट से जूझना पड़ता है। लोगाें को पानी के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़ता है। इस बार पानी की समस्या से निपटने के लिए निगम कमिश्नर ने पहले से ही रणनीति तैयार कर काम करने का आदेश इंजीनियरिंग ब्रांच को दे दिए हैं। नए लगे ट्यूबवेलों को जल्द चालू करने की योजना एसई रवि शर्मा का कहना है कि सेक्टर-25 जलघर में पानी की क्षमता बढ़ाने के लिए बाइपास रोड के किनारे 20 ट्यूबवेल नए लगाए गए हैं। परिवहन मंत्री ने इसके लिए अलग से करीब पांच करोड़ का फंड उपलब्ध कराया है। अभी नए ट्यूबवेल चालू नहीं किए गए हैं। मार्च से पहले इन सभी को चालू करा दिया जाएगा। इनके चालू होने के बाद करीब 18 एमएलडी पानी हर दिन सेक्टर 25 जलघर को मिलना शुरू हो जाएगा। जेेई और एसडीओ से मांगी है ट्यूबवेलों की रिपोर्ट रवि शर्मा के अनुसार निगम सीमा में लगे करीब 1800 ट्यूबवेलों का सर्वे कराया जा रहा है। जिससे यह पता चल सके कि इनमें कितने ठीक है और कितने खराब। उनमें क्या कमियां हैं। उन्होंने कहा सभी जेई और एसडीओ से ट्यूबवेलों का फिजिकल वेरिफिकेशन कराया जा रहा है। इसके बाद जो ट्यूबवेल खराब होंगे उन्हें रिपेयर किया जा सके या फिर उनकी जगह कोई दूसरा ट्यूबवेल लगाया जा सके। वैसे इस वक्त इन 1800 ट्यूबवेलों से शहर को 98 एमएलडी पानी मिलता है। अगर खराब ट्यूबवेलों को ठीक कर दिया जाए तो यह आंकड़ा 100 एमएलडी के पार पहुंच जाएगा। सर्वे रिपोर्ट फरवरी अंत तक पूरी हो जाएगी।
