हम खुशकिस्मत हैं कि देश में एक साथ दो टीके उपलब्ध हैं, इसका सबको लाभ उठाना चाहिए। टीकाकरण, मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का यदि ठीक से पालन किया गया तो इस जंग में जल्द विजय हासिल करने में कामयाब रहेंगे। एक सप्ताह पहले देश भर में प्रतिदिन आने वाले मामले आठ हजार पर पहुंच गए थे। 20 फरवरी को यह आंकड़ा 14 हजार पर पहुंच गया। नए मामलों में अचानक आया यह उछाल चिंताजनक है। संक्रमण महाराष्ट्र व केरल में तो बढ़ा ही है। दिल्ली एनसीआर के आसपास भी मामले बढ़ने लगे हैं। इसलिए कोरोना अभी गया नहीं है। जनवरी के पहले सप्ताह में हुए आखिरी सीरो सर्वे के अनुसार देश में अभी 70-75 फीसद लोगों को संक्रमण नहीं हुआ है। अर्थात बड़ी आबादी अभी संक्रमण से बची हुई है, जिन्हें संक्रमण हो सकता है। इस वजह से संक्रमण कभी भी दोबारा विकराल रूप ले सकता है। इसलिए जरा सी कोताही परिवार व समाज के लिए घातक साबित हो सकती है।

