फरीदाबाद : दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम का बिजली चोरी रोकने के लिए प्रदेश सरकार के आदेश पर तीन दिवसीय छापामारी अभियान रविवार को भी जारी रहा। जिले में लगभग डेढ़ करोड़ की बिजली चोरी पकड़ी गई। सबसे अधिक चोरियां बल्लभगढ़ डिवीजन में सामने आईं। यहां लगभग एक करोड़ की बिजली चोरी के मामले सामने आए। सभी बिजली चोरों को नोटिस जारी कर जल्द जुर्माना भरने के आदेश दिए गए हैं। समय पर जुर्माना नहीं भरने पर बिजली एवं सिंचाई थाने में मामला दर्ज कराया जाएगा।
बिजली निगम की 20 से अधिक टीमें सुबह चार बजे से छापामारी के लिए निकल पड़ीं। बल्लभगढ़ स्थित ब्रह्मणवाड़ा, राजीव कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, प्रेमनगर झुग्गी, सेक्टर-2, 3, 4, कुम्हारवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी स्थित संजय कॉलोनी, प्रेम कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, जनता कॉलोनी, डबुआ कॉलोनी, एनआईटी पांच ए ब्लॉक, बी और सी ब्लॉक ग्रेटर फरीदाबाद में संयुक्त रूप से छापामारी की।रात करीब नौ बजे तक चली छापेमारी में करीब डेढ़ करोड़ की बिजली चोरी पकड़ी गई। इसमें एनआईटी डिवीजन में करीब 40 चोरी, ओल्ड फरीदाबाद में करीब 80, ग्रेटर फरीदाबाद और बल्लभगढ़ में 150 से अधिक चोरी के मामले पकड़े गए। लोड का आंकलन कर सभी पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
