फरीदाबाद : दैनिक यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। एक मार्च से दो और शटल ट्रेनें पलवल नई दिल्ली सेक्शन में चलने लगेंगी। ये ट्रेन मथुरा से चलकर गाजियाबाद और गाजियाबाद से चलकर मथुरा तक जाएंगी। सुबह ड्यूटी पर जाने वाले लोग इस ट्रेन से आ-जा सकेंगे। लेकिन उनसे एक्सप्रेस ट्रेन का किराया वसूला जाएगा। इस ट्रेन के चलने से नई दिल्ली, सदर बाजार औैर पुरानी दिल्ली तक आने-जाने वालों को सुविधा होगी। मथुरा से चलकर गाजियाबाद जाने वाली ट्रेन पलवल में सुबह 7.29 बजे और फरीदाबाद 7.58 बजे पहुंचेगी। अभी इस सेक्शन में दो शटल और दो एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार के अनुसार एक मार्च से मथुरा से गाजियाबाद के बीच दो ट्रेनें चलेंगी। यानी एक ट्रेन मथुरा से चलकर गाजियाबाद जाएगी और वही गाजियाबाद से चलकर मथुरा पहुंचेगी। इन ट्रेनों का नंबर भी बदल गया है। मथुरा से गाजियाबाद जाने वाली ट्रेन 04419 और गाजियाबाद से चलकर मथुरा जाने वाली ट्रेन 04420 बनकर चलेगी।
उन्होंने कहा पलवल से निजामुद्दीन तक का टिकट 30 रुपए, नई दिल्ली का 35 और गाजियाबाद का टिकट 40 रुपए का होगा। जबकि पलवल से कोसीकलां तक 30 रुपए, अझई तक 40 और मथुरा तक 45 रुपए का टिकट होगा। रेलवे प्रवक्ता के मुताबिक मथुरा से चलकर गाजियाबाद जाने वाली 04419 शटल ट्रेन सुबह 5.45 बजे मथुरा से चलेगी। 6.43 होडल, 6.45 बंचारी, 6.59 सोलाका, 7.09 रूंधी, 7.29 पलवल, 7.39 असावटी, 7.47 बल्लभगढ़, 7.53 न्यूटाउन, 7.58 फरीदाबाद, 8.12 तुगलकाबाद, 8.55 नई दिल्ली और 10.05 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। वहां से यह ट्रेन 04420 बनकर मथुरा के लिए शाम 4.05 बजे चलेगी। 5.08 बजे नई दिल्ली, 5.37 तुगलकाबाद, 5.49 फरीदाबाद, 5.55 न्यूटाउन, 6.01 बजे बल्लभगढ़, 6.10 बजे असावटी और 6.48 बजे पलवल पहुंचेगी। रात 8.40 बजे इसका मथुरा पहुंचने का समय है।
