फरीदाबाद : 11 महीने के बाद सोमवार से पहली व दूसरी के छात्रों के लिए भी स्कूल खुल जाएंगे। शिक्षा निदेशालय ने बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं। इस तरह से अब पूरी तरह से सभी कक्षाएं लगनी शुरू हो जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण की वजह से 22 मार्च से स्कूल बंद चल रहे हैं। 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं नवंबर से शुरू हो गई थी। इसके बाद पिछले सप्ताह छठीं से आठवीं तक के छात्रों के लिए स्कूल शुरू कर दिया है और कोरोना संक्रमण के घटते मामलों को देखते हुए शिक्षा निदेशालय ने सोमवार से पहली व दूसरी के छात्रों के लिए भी स्कूल खोलने का फैसला किया है। निर्देशों का करना होगा पालन शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बच्चों को अपने साथ अभिभावकों द्वारा लिखित सहमति पत्र लाना अनिवार्य होगा। इसके बिना किसी भी छात्रों को विद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं विद्यालय में प्रवेश करने से पूर्व छात्र के शरीर का तापमान और उसके हाथों को सैनिटाइज करना होगा। इसके अलावा एक सीट पर एक ही छात्र बैठेगा। छुट्टी के बाद प्रतिदिन पूरे स्कूल को सैनिटाइज किया जाएगा। विद्यालयों में यह सुनिश्चित किया गया है कि बच्चे एक दूसरे के संपर्क में नहीं आ पाए। सभी स्कूलों को सरकार द्वारा जारी एसओपी (स्टैंडर्ड आपरेटिग प्रोसीजर) का पालन करने के निर्देश हैं। इसके अलावा शिक्षा विभाग की टीम स्कूलों का निरीक्षण करेगी।
