अभय कमांड परियोजना के तहत शहर की सुरक्षा व्यवस्था व अपराधों की रोकथाम के लिए कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। इन कैमरों के जरिए यातायात नियमों की अवहेलना व कोरोना प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने वालाें पर नजर रखी जा रही है। सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के संयुक्त निदेशक वीरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि हाल ही शहर में एसएमडी सर्किल, राजीव गांधी पार्क, एलआईसी ऑफिस, प्रताप ऑडिटोरियम, भवानी तोप सर्किल, मालवीय नगर, जगन्नाथ मंदिर, कटीघाटी, शांतिकुंज, नयाबास सर्किल, राममंदिर साउथ वेस्ट ब्लॉक, कालाकुओं टैंपाे स्टैंड, बुकिंग विंडाे जयपुर रोड, नया भूरासिद्ध मंदिर मेनरोड, तेजमंडी, जुबलीबास सर्किल, रैनबसेरा नियर रेलवे स्टेशन, कालीमोरी पुलिया के नीचे, कालीमोरी फाटक, ईटाराणा पुलिया के पास कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा मुख्य बाजाराें होपसर्कस, घण्टाघर, नगर परिषद, चर्च रोड, काशीराम सर्किल क्षेत्र में भी कैमरे लगाने के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल (ओएफसी) बिछाने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्य बाजाराें में भीड़ होने के कारण ओएफसी बिछाने का काम रात में हाेगा।
ओएफसी बिछाने के बाद बाजाराें के मुख्य क्षेत्र का भी सर्विलेंस 24 घंटे अभय कमांड कंट्रोल रूम से किया जा सकेगा। त्यागी ने बताया कि अभय कमांड परियोजना के क्षेत्र में विस्तार करते हुए अब तक 248 ऑनलाइन व 34 ऑफलाइन कैमरे लगाए गए हैं। ऑनलाइन कैमरों के जरिए अभय कमांड कंट्रोल सेंटर से चाैबीसाें घंटे पुलिस विभाग द्वारा निगरानी की जा रही है। प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए कैमरों से ना केवल यातायात प्रबंधन में मजबूती मिली है बल्कि अपराधों की रोकथाम में भी सहयोग मिल रहा है।
