
योगी सरकार यमुना एक्सप्रेस वे का नाम बदलने पर विचार कर रही है। खबर है कि उत्तर प्रदेश सरकार यमुना एक्सप्रेस वे को भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने के बारे में सोच रही है। सूत्रों के मुताबिक जेवर एयरपोर्ट के भूमि पूजन के दौरान इसकी घोषणा की जा सकती है। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेवर आ रहे हैं, जहा वे देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट का भूमि पूजन करेंगे और एक बड़ी रैली को भी संबोधित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक उस रैली के दौरान ही पीएम मोदी द्वारा यमुना एक्सप्रेस वे के नए नाम की भी घोषणा की जा सकती है। यमुना एक्सप्रेस वे का नाम बदल अटल बिहारी वाजपेयी एक्सप्रेस वे किया जाएगा। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक यह फैसला इसलिए लिया जा रहा है जिससे भारत के सबसे महान और लोकप्रिय नेता को उचित सम्मान दिया जा सके। वरिष्ठ नेता के मुताबिक अटल जी भाजपा के ही नहीं पूरे देश के लोकप्रिय नेता रहे हैं, उन्हें सभी पसंद करते थे। यूपी विधानसभा से पहले यमुना एक्सप्रेस वे का नाम बदल भाजपा बड़ा दांव चलने जा रही है। इस दांव से भाजपा ब्रह्मण समाज पर फोकस कर रही है। बता दें कि इससे पहले भाजपा ने कई स्थल और अपनी योजनाओं को वाजपेयी के नाम पर शुरू किया है।
Source News: punjabkesari
