
फरीदाबाद। मुजेसर फाटक के पास दो मई को किसी वाहन की टक्कर से घायल हुए युवक ने ट्रामा सेंटर दिल्ली में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है एसी नगर निवासी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि दो मई को दोपहर करीब डेढ़ बजे उसका बेटा दीपक सेक्टर-23 से मोटरसाइकिल पर एसी नगर आ रहा था। मुजेसर फाटक के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसमें दीपक को गंभीर चोट लगी। राहगीरों ने उसे बादशाह खान अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से उसे ट्रामा सेंटर दिल्ली रेफर कर दिया गया। अब इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
source news: voiceoffaridabad
