
फरीदाबाद : देश के गांव और छोटे कस्बों में झोलाछाप डॉक्टर अशिक्षा का फायदा कैसे उठाते है हाल ही में वूट एप पर रिलीज हुई वेब सीरीज झोलाछाप में इसे बखूबी दिखाया गया है। वेब सीरीज झोलाछाप की स्टार कास्ट मंगलवार को सी. दास ग्रुप के रेडियो महारानी पहुंची। यहां पर फिल्म के निर्देशक ज्योति प्रकाश के साथ मुख्य भूमिका निभाने वाली महक मनवानी व चितरंजन त्रिपाठी सहित अन्य कलाकार भी उपस्थित थे। सी. दास ग्रुप के चेयरमैन एवं फरीदाबाद इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रधान बीआर भाटिया ने कलाकारों को पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस वेब सीरीज में मुश्ताक खान, चितरंजन त्रिपाठी व महक मनवानी जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिए ऐसी कहानियों का नियमित अंतराल पर आना जरूरी है। सात एपिसोड की इस वेब सीरीज में मुस्ताक खान झोलाछाप डॉक्टर की भूमिका में है। वहीं चितरंजन त्रिपाठी ने ऐसे दवा दुकानदार की भूमिका निभाई है, जो पैसा कमाने के लिए लोगों को एक्सपायरी दवाइयां तक बेच देता है। झोलाछाप के निर्देशक ज्योति प्रकाश ने बताया कि वेब सीरीज झोलाछाप देश में हेल्थ सिस्टम की खामियों को उजागर करती है। इसमें महक मनवानी मुख्य भूमिका में हैं। इन्होंने एमबीबीएस डाक्टर की भूमिका निभाई है, जबकि प्रभाकर शर्मा ने कंपाउंडर का अभिनय किया है।
इनके अलावा वेब सीरीज में लवकुश कुंडू, निर्माता मदन लाल आजाद ने भी एक्टिंग की है। जयदीप कादियान सहायक निर्देशक हैं। उन्होंने बताया कि वेब सीरीज की शूटिंग फरीदाबाद के सेक्टर-19, बागपत और ओडिशा के बलांगीर शूटिंग की गई है। यह सच्ची घटना पर आधारित है। बलांगीर के एक पीएचसी के चिकित्सक का संघर्ष दिखाया गया है। इसमें वह किस प्रकार ग्रामीणों के मन में विश्वास जागृत करती हैं। वहीं दूसरी ओर झोलाछाप किस तरह उसे विश्वास को तोड़ने में लगे रहते हैं। इसे लेकर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ट्विट करके चिकित्सक की प्रशंसा भी की थी। वेब सीरीज में हास्य और गंभीर दोनों शैली देखने को हैं और वूट एप पर रिलीज की जा चुकी है।
