
बधाई लेने पहुंचे किन्नरों ने जमकर उत्पात मचाया। जिस घर में बधाई लेने पहुंचे थे वहां जमकर तोड़फोड़ की। घर के बाहर खड़े वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। घटना से संबंधित तस्वीरों में दिख रहा है कि वाहन में भी तोड़फोड़ की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक किन्नरों की इस हरकत से खफा स्थानीय लोगों ने उन्हें पीट दिया। 2 किन्नरों को मारपीट में चोट लगी है। उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है।
बरियातू के एदलहातू की है पूरी घटना
ये पूरी घटना राजधानी रांची के बरियातू स्थित एदलहातू की है। बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर किन्नर एक घर में बधाई लेने पहुंचे थे। समूह में गाजे-बजाते पहुंचे किन्नरों ने गृहस्वामी से बधाई के रूप में 50 हजार रुपये की डिमांड की। आरोप है कि जब उक्त परिवार ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो किन्नरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की। ये देख स्थानीय लोग भड़क गए और किन्नरों की पिटाई कर दी। मारपीट में 2 किन्नरों को चोट लगी। कहा जा रहा है कि दोनों को माथे पर चोट लगी है। उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया और घटना की जांच में जुटी है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
NEWS SOURCE : livehindustan
