
घायल मरीज को अस्पताल पहुंचान किसी भी एंबुलेंस ड्राइवर की सबसे बड़ी प्राथमिकता होती है। लेकिन ओडिशा के इस ड्राइवर के लिए ऐसा नहीं है। एंबुलेंस ड्राइवर ने मरीज को अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में पहले खुद दारू पी और फिर साथ में घायल मरीज को भी दो पेग पिलाए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक एंबुलेंस ड्राइवर तिर्तोल इलाके में एक राजमार्ग के किनारे अपनी एंबुलेंस को खड़ा करता और फिर वह दारू के पेग बनाने लगदा है। ड्राइवर खुद तो पीता ही है साथ में मरीज को भी दो पेग पिलाता है।
घटना कथित तौर पर ओडिशा के कटक की बताई जा रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्राइवर एक ही बार में अपना पेग गटक जाता है, वहीं एक पैर में प्लास्टर बंधा मरीज स्ट्रेचर पर लेटकर दारू पी रहा है। यह अजीबोगरीब घटना सोमवार को तब सामने आई जब वहां खड़े लोगों ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जब चश्मदीदों ने ड्राइवर से पूछा कि वह ऐसा क्यों कर रहा है तो उसने दावा किया कि मरीज ने खुद पीने के लिए कहा था। एंबुलेंस में एक महिला और एक बच्चा भी देखा गया। जगतसिंहपुर के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएमओ) डॉ क्षेत्रबासी दाश ने पीटीआई से कहा, “चूंकि यह एक निजी एम्बुलेंस थी, इसलिए हमारे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। लेकिन आरटीओ और संबंधित पुलिस स्टेशन को दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।”
घटना से आक्रोशित क्षेत्र के लोगों ने घटना की जांच और एंबुलेंस चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
NEWS SOURCE : livehindustan
