
नई दिल्ली: दिल्ली में शीतलहर की वजह से आज मौसम का सबसे ठंंडा दिन रहा. ताजा जानकारी के मुताबिक दिल्ली में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया, जो इस सर्दी में अब तक का सबसे कम तापमान है. पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर की स्थिति और कोहरे की वजह से मौसम काफी सर्द रहा. आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में 18 जनवरी से 20 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी.
दिल्ली में सोमवार सुबह शीतलहर का प्रकोप रहा और सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो एक जनवरी 2021 के बाद से इस महीने सबसे कम तापमान है. लोधी रोड पर स्थित मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड पर ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का मुख्यालय स्थित है. आईएमडी ने पहले दिल्ली में 17-18 जनवरी तक शीतलहर के लिए ओरेंज चेतावनी जारी की थी.
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में पांच से नौ जनवरी तक भीषण शीतलहर चली जो एक दशक में इस महीने में प्रचंड शीतलहर की दूसरी सबसे लंबी अवधि रही. अभी तक इस महीने 50 घंटे तक घना कोहरा दर्ज किया गया जो 2019 के बाद से सबसे अधिक है. मैदानी हिस्सों में शीतलहर की घोषणा तब की जाती है, जब न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है। भीषण शीतलहर की घोषणा तब की जाती है जब न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है.
NEWS SOURCE : ndtv
