कोरोना वायरस से बचने के लिए देश मे लॉक डाउन लगाया गया, लेकिन फिर भी लोग अनावश्यक रूप से आवाजाही कर रहे हैं और इसके चलते कोविड-19 पर लगाम लगाने में परेशानी आ रही है। हरियाणा के सोनीपत में आवाजाही को रोकने के उद्देश्य से दिल्ली-सोनीपत सीमा को सील कर दिया गया है। यह आदेश सोनीपत के जिला मजिस्ट्रेट ने दिया है। इस आदेश के तहत सोनीपत-दिल्ली बॉर्डर को 3 मई तक सील कर दिया गया है।

वहीं दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल स्टाफ से 25 अप्रैल को 4 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले भी इसी अस्पताल के 2 स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसी के साथ ही इस अस्पताल के कुल 7 स्टाफ मेंबर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। गुरुग्राम में कोरोना मरीजों की संख्या 51 पहुंच गई है।
प्रदेश के लिए राहत की बात यह है कि रिकवरी रेट हरियाणा में तेजी से बढ़ा है, जबकि संक्रमित मरीजों की संख्या भी कुछ हद तक थमी है। बावजूद इसके हरियाणा स्वास्थ्य महकमे ने एहतियातन 15780 लोगों को मेडिकल सर्विलांस के दायरे में रखा हुआ है।
