बहादुरगढ़ : में कोविड-19 यानी कोरोनावायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। बहादुरगढ़ पिछले 5 दिन में कोरोना का नया हॉटस्पॉट बनकर उभरा है। बहादुरगढ़ में आज करोना के 6 और पॉजिटिव केस सामने आए हैं। छह में से पांच करोना पॉजिटिव लोग बहादुरगढ़ की सब्जी मंडी में काम करने वाले थे और एक दिल्ली में कार्यरत स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। जिसके बाद झज्जर जिले में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। अकेले बहादुरगढ़ की सब्जी मंडी से अब तक 27 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं और झज्जर की सब्जी मंडी में 6 कोरना पॉजिटिव पाए गए हैं। अकेले बहादुरगढ़ में 30 और झज्जर में 10 कोरोना केस सामने आए हैं।
करोना के बढ़ते आंकड़े के साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग का काम तेज कर दिया है। अब हर रोज करीब ढाई सौ से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं और उन्हें जांच के लिए दिल्ली, पीजीआई रोहतक और खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। इतना ही नहीं कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों के रिहायशी इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा चुका है। जहां लोगों को घर से निकलने की मनाही है। झज्जर जिले में मिले कोरोनावायरस संक्रमित लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री राजधानी दिल्ली से जुड़ी हुई है। ज्यादातर लोग दिल्ली की आजादपुर मंडी से फल और सब्जियां लाकर झज्जर और बहादुरगढ़ की सब्जी मंडी में सप्लाई करने का काम करते थे। जहां से वह संक्रमित हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने कोरोनावायरस संक्रमित लोगों के परिजनों के सैंपल भी लेने शुरू कर दिए हैं। इतना ही नहीं संक्रमित लोगों के डायरेक्ट संपर्क में आए लोगों की जांच भी की जा रही है। इतना ही नहीं राजधानी दिल्ली से झज्जर जिले को जोड़ने वाले सभी कच्चे-पक्के रास्तों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। बहादुरगढ़ -टिकरी बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। सिर्फ एसेंशियल सर्विसेज से जुड़े वाहनों को ही हरियाणा की सीमा में आने की अनुमति दी जा रही है। इसके अलावा दिल्ली में काम करने वाले सभी कच्चे-पक्के कर्मचारियों के हरियाणा में एंट्री करने पर रोक लगा दी गई है। कल से बहादुरगढ़ के रोहित टोल प्लाजा से गुजरने वाले ट्रकों के ड्राइवरों की भी स्क्रीनिंग शुरू की जाएगी। ताकि दूसरे राज्यों से होने वाले संक्रमण के खतरे से बचा जा सके।
