
Raveena Tandon Birthday: बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन (Raveena Tandon) आज 49 साल की हो चुकी हैं. 90 के दशक में फिल्मों में आईं रवीना ने बॉलीवुड में लंबा सफर तय किया है. उन्होंने उस दौर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं और स्टार बन गईं. रवीना ने शादी करके घर परिवार के लिए कुछ समय के लिए ब्रेक लिया था लेकिन वो फिर से फिल्मों में लौट आईं. अपनी दूसरी पारी में भी उन्होंने कई हिट फिल्में दी हैं.आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपको बताने जा रहे हैं कि कैसे अचानक मिले सलमान खान की मिन्नतों से जुड़ा रवीना और फिल्मी दुनिया का रिश्ता…

फिल्मों में नहीं आना चाहती थीं रवीना
26 अक्टूबर 1972 को जन्मीं रवीना टंडन मशहूर प्रोड्यूसर रवि टंडन (Ravi Tandon) की बेटी थीं. मीठीबाई कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद रवीना जेनेसिस पीआर कंपनी में फोटोग्राफर प्रहलाद कक्कड़ के साथ इंटर्नशिप करने लगीं. जब भी कोई मॉडल नहीं होती तो रवीना का ही फोटोशूट किया जाता था. उन तस्वीरों की बदौलत रवीना को कई फिल्मों के ऑफर मिलते थे, लेकिन वो हर बार इनकार कर देती थीं. एक दिन रवीना के एक दोस्त ने उन्हें ऑफिस के नीचे मिलने बुलाया. वो जैसे ही पहुंची तो देखा कि उस दोस्त के साथ सलमान खान भी खड़े हैं, जो उस वक्त तक बीवी हो तो ऐसी और मैंने प्यार किया में काम कर चुके थे.

सलमान ने दिया था फिल्म का ऑफर
रवीना के दोस्त ने उनसे कहा कि सलमान अपनी अगली फिल्म पत्थर के फूल के लिए एक नई लड़की की तलाश में हैं, तो मैं इन्हें तुम्हारे पास ले आया. रवीना ने फिल्म करने से साफ इनकार कर दिया. सलमान ने काफी मिन्नतें कीं तो रवीना की दोस्तों ने उन्हें समझाया कि अगर तुम्हें फिल्में नहीं करनीं तो मत करना, लेकिन कम से कम ये फिल्म तो कर लो. ये सुनकर रवीना राजी हो गईं. 1991 में रिलीज हुई फिल्म पत्थर के फूल से रवीना रातों रात स्टार बन गईं.आगे उन्होंने मोहरा, आतिश, दिलवाले और लाडला जैसी हिट फिल्मों में काम कर टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हो गईं.
NEWS SOURCE : zeenews
